डीके शिवकुमार ने इस्तीफे की अटकलों को खारिज कर खुद को बताया पार्टी का अनुशासित सिपाही

बेंगलुरु. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की अफवाहों को रविवार को खारिज करते हुए कहा कि वह पार्टी के एक अनुशासित सिपाही हैं. उनकी यह टिप्पणी कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच आई है.

ये अटकलें शनिवार को नयी दिल्ली में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद लगाई जा रही हैं. शिवकुमार ने इस बात पर जोर दिया कि फेरबदल का निर्णय पूरी तरह सिद्धरमैया का विशेषाधिकार है और यह पार्टी आलाकमान के साथ विचार-विमर्श के बाद किया जाएगा.

मैं इस्तीफा देने की बात क्यों कहूंगा?

उन्होंने बताया कि वह कर्नाटक में 100 नए कांग्रेस कार्यालयों के शिलान्यास समारोह के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को आमंत्रित करने के लिए दिल्ली आए थे. शिवकुमार ने नयी दिल्ली में कहा कि शिलान्यास समारोह और कई अन्य कार्यक्रम होने वाले हैं. यह सब कौन संभालेगा? मुझे ही करना है. मैं (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से) इस्तीफा देने की बात क्यों कहूंगा? अभी ऐसी स्थिति नहीं आई है.

अनुशासित सिपाही की तरह सेवा के लिए समर्पित

उन्होंने कहा कि मैं एक अनुशासित सिपाही की तरह पार्टी की सेवा के लिए समर्पित हूं और मुझे जो भी ज़िम्मेदारी सौंपी जाती है, मैं उसे पूरा करता हूं. शिवकुमार ने इन अटकलों को मीडिया की उपज बताया और कहा कि मैं कांग्रेस को ब्लैकमेल करने वाला नहीं हूं. मैंने इस पार्टी को खड़ा किया है और इसके लिए दिन-रात अथक परिश्रम किया है. मैं आगे भी ऐसा करता रहूंगा. हमारी पार्टी 2028 में (कर्नाटक में) सत्ता में वापसी करेगी.

साभार : टीवी9 भारतवर्ष

‘गांधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ पुस्तक के बारे में जानने के लिए लिंक पर क्लिक करें :

https://matribhumisamachar.com/2025/12/10/86283/

आप इस ई-बुक को पढ़ने के लिए निम्न लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं:

https://www.amazon.in/dp/B0FTMKHGV6

यह भी पढ़ें : 1857 का स्वातंत्र्य समर : कारण से परिणाम तक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *