आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जारी की 11 प्रत्याशियों की पहली सूची

नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Elections 2025) के लिए 11 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। आप ने बृहस्पतिवार को अपनी राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक बुलाई। इसमें चर्चा के बाद विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों का एलान किया।

दूसरे दल से आए नामों को दी प्राथमिकता

आम आदमी पार्टी ने पहली लिस्ट में कांग्रेस और भाजपा छोड़कर आए नामों को प्राथमिकता दी है। 11 में से छह सीटों पर दूसरे दलों से आए प्रत्याशी घोषित किए हैं। अनिल झा, बीबी त्यागी और ब्रह्म सिंह तंवर कुछ दिनों पहले ही बीजेपी से आप में गए थे। इसके अलावा जुबैर चौधरी, वीर सिंह धींगान और सुमेश शौकीन कांग्रेस से आप में आए हैं। तीन भाजपा से आए और तीन कांग्रेस से आए नेताओं को टिकट दिया गया है। तीन को आप ने रिपीट किया है।

किसे फिर मिला टिकट?

इनमें सरिता सिंह, दीपक सिंघला और राम सिंह नेताजी को रिपीट किया गया है। घोंडा और करावल नगर से विधायक टिकट के लिए नए नाम का एलान किया गया है। घोंडा से गौरव शर्मा और करावल नगर से मनोज त्यागी को मैदान में उतरा है। वहीं, गौरव शर्मा नया नाम है, जबकि मनोज त्यागी आम आदमी पार्टी से निगम पार्षद रह चुके हैं।

पहली लिस्ट में 11 उम्मीदवारों के नाम

विधानसभा सीट प्रत्याशी
छतरपुर ब्रह्मा सिंह तंवर
किराड़ी अनिल झा
विश्वास नगर दीपक सिंघला
रोहतास नगर सरिता सिंह
लक्ष्मी नगर बीबी त्यागी
बदरपुर राम सिंह नेता जी
सीलमपुर जुबैर चौधरी
सीमापुरी वीर सिंह धींगान
घोंडा गौरव शर्मा
करावल नगर मनोज त्यागी
मटियाला सुमेश शौकीन

इससे पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की अध्यक्षता में उनके आवास पर हुई PAC बैठक में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई। इसमें सीएम आतिशी भी मौजूद रहीं। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर फरवरी 2025 में चुनाव होने हैं। वर्ष 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटें जीती थीं। वहीं, भाजपा 8 सीटों पर सिमट गई थी जबकि कांग्रेस का खाता नहीं खुला था।

साभार : दैनिक जागरण

भारत : 1885 से 1950 (इतिहास पर एक दृष्टि) व/या भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

सारांश कनौजिया की पुस्तकें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *