नरेंद्र मोदी को मिला डोमिनिका का सर्वोच्च सम्मान ‘द डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर’

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुयाना में कैरिबियाई देश डोमिनिका ने ‘द डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया है। डोमिनिका की राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन ने PM मोदी को अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा। कोविड-19 महामारी के दौरान डोमिनिका को वैक्सीन पहुंचाने के लिए PM मोदी को यह अवॉर्ड दिया गया है।गुयाना ने भी मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ एक्सिलेंस’ और बारबाडोस ने ऑनररी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस से सम्मानित किया। उन्होंने अवॉर्ड सभी भारतवासियों को समर्पित किया। इसके अलावा दो दिवसीय गुयाना यात्रा में PM मोदी ने कैरिबियाई देशों के प्रतिनिधियों के साथ दूसरे इंडिया-कैरिकॉम समिट में भी हिस्सा लिया।

समिट के इतर प्रधानमंत्री ने कैरिबियाई देशों के प्रतिनिधियों से द्विपक्षीय चर्चाएं कीं। गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान के अलावा PM मोदी ने डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट और सूरीनाम के राष्ट्रपति चान संतोखी सहित अन्य नेताओं से औपचारिक बातचीत की। बातचीत के बाद PM मोदी और राष्ट्रपति इरफान ने लोगों को संबोधित भी किया। गुयाना के राष्ट्रपति ने कहा, “PM मोदी का का यहां होना हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है। वे नेताओं के बीच चैंपियन हैं। मोदी ने शानदार लीडरशिप की है। विकासशील दुनिया को रोशनी दिखाई है। विकास का वो तरीका अपनाया है, जिसे कई लोग अपने देश में अपना रहे हैं।”

मोदी ने गुयाना में स्वागत के लिए राष्ट्रपति इरफान का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इरफान का भारत के साथ विशेष रिश्ता है। वे भारतीय समुदाय के ब्रांड ऐंबैस्डर हैं। PM ने कहा कि वो लगभग 24 साल के बाद गुयाना की यात्रा पर आए हैं। इससे पहले वो एक आम आदमी के तौर पर निजी यात्रा के लिए गुयाना आए थे। किसी भारतीय PM का यह 56 साल बाद गुयाना दौरा है।

संबोधन में PM मोदी की अहम बातें:-

  • भारत ने गुयाना के लोगों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हम इस सहयोग को आगे बढ़ाएंगे।
  • भारत गुयाना के सैनिकों की क्षमता के विकास के लिए छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण के माध्यम से योगदान देना जारी रखेगा।
  • पिछले साल हमने खाद्य सुरक्षा में योगदान देते हुए मिलेट्स उपलब्ध कराए थे। अब अन्य फसलों की खेती में भी मदद करेंगे।
  • दोनों देशों के कृषि संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ाने के लिए MoU साइन हुआ है।
  • भारत गुयाना में जन औषधि केंद्र खोलेगा।

G20 समिट में हिस्सा लेने के बाद गुयाना पहुंचे मोदी

इससे पहले PM मोदी ब्राजील में जी20 समिट की बैठक के बाद बुधवार सुबह गुयाना पहुंचे थे। राजधानी जॉर्जटाउन में गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान और प्रधानमंत्री एंटनी फिलिप्स प्रोटोकॉल तोड़कर उनका स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ करीब एक दर्जन कैबिनेट मिनिस्टर्स ने भी PM मोदी का स्वागत किया। एयरपोर्ट पर ही उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। गुयाना में PM मोदी को सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरुस्कार ‘द ऑर्डर ऑफ एक्सिलेंस’ से सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा बारबाडोस भी उन्हें ‘ऑनररी अवॉर्ड ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस’ से सम्मानित करेगा।

साभार : दैनिक भास्कर

भारत : 1885 से 1950 (इतिहास पर एक दृष्टि) व/या भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

सारांश कनौजिया की पुस्तकें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *