उद्धव के विधानसभा प्रत्याशी अरविंद सावंत ने महिला उम्मीदवार शाइना एनसी पर की अभद्र टिप्पणी

मुंबई. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत ने शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता और मुंबादेवी से पार्टी प्रत्याशी शाइना एनसी पर अभद्र टिप्पणी की है। सावंत ने शाइना को ‘इंपोर्टेड माल’ कहा। सावंत से शुक्रवार को शाइना एनसी के चुनाव लड़ने पर सवाल किया गया था, जिसके जवाब में उन्होंने कहा- हमारे यहां चुनाव में इम्पोर्टेड माल नहीं चलता। ओरिजिनल माल चलता है। इसके जवाब में शाइना ने X पर पोस्ट करते हुए कहा- मैं महिला हूं, माल नहीं। इसके बाद शाइना ने मुंबई के नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने शाइना एनसी को मुंबादेवी सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार और सिटिंग विधायक अमीन पटेल से होगा। शाइना एनसी पेशे से फैशन डिजाइनर हैं। वे मुंबई के ग्लैमर वर्ल्ड की चर्चित हस्ती हैं। शिवसेना से टिकट घोषित होने के बाद शाइना ने बीजेपी छोड़ दी थी। वे भाजपा की प्रवक्ता भी थीं।

भाजपा बोली- सावंत का बयान पीड़ादायक

सावंत के विवादित बयान पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा- सावंत के बयान को देख-सुनकर मैं दुखी हूं। किसी राजनीतिक महिला के लिए इस तरह की टिप्पणी बहुत पीड़ादायक है। यह निंदनीय है। हम इसकी भर्त्सना करते हैं।

सावंत बोले- शाइना के खिलाफ लड़ने वाले अमीन पटेल 3 बार चुनाव जीत चुके हैं

  • महाविकास अघाड़ी में सीट शेयरिंग पर अनबन और बाद में सहमति बनने पर अरविंद सावंत ने कहा- इतनी बड़ी पार्टियां एक साथ आ गई हैं, यही बड़ी बात है। छोटा-मोटा मनमुटाव चलता रहता है। आप लोग बात का बतंगड़ बना देते हैं। गांधी जी से लेकर शिवाजी तक नॉमिनेशन में आए हैं।
  • शाइना NC के खिलाफ महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार अमीन पटेल तीन बार अपने बल पर चुनकर आया है। अगर संविधान की बात फेक नेरेटिव है तो भाजपा जो आज कर रहे हैं, वो संविधान से खिलवाड़ है और वो अभी बंद नहीं हुआ है।
  • हिंदू-मुस्लिम के बीच भाजपा दीवार खड़ी कर रहे हैं। अगर कुछ काम किया है तो वो बताओ। काम तो कुछ नहीं किया है, इसलिए नया नेरेटिव सेट करना चाह रहे हैं। हम लोग तो गरीबों से जुड़े हैं।
  • मिलिंड देवड़ा के वर्ली सीट से चुनाव लड़ने पर सावंत ने कहा- मुझे उनकी उम्मीदवारी पर तरस आ रहा है। उनके पिता जीवनभर कांग्रेसी रहे। वो रोजाना अपनी पार्टी और रुख बदल रहे हैं। राज्यसभा सांसद होने के बावजूद चुनाव लड़ रहे हैं। कोविड में कहां थे? पहले ये तो पूछना चाहिए। तब पता चलेगा कि जनता से जुड़े हैं कि नहीं।

झारखंड के मंत्री ने भाजपा नेता सीता सोरेन को रिजेक्टेड माल कहा था

अरविंद सावंत से पहले झारखंड के हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता इरफान अंसारी ने ऐसा ही विवादित बयान दिया था। उन्होंने 26 अक्टूबर को नामांकन फाइल करने के बाद भाजपा नेता सीता सोरेन को रिजेक्टेड माल कहा था। सीता सोरेन CM हेमंत सोरेन की रिश्ते में भाभी हैं। इस पर सीता सोरेन ने कहा था- अंसारी ने अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी होगी। पहले भी उन्होंने मेरे बारे में व्यक्तिगत बातें बोली हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सारी सीमाएं लांघ दी हैं। इरफान अंसारी माफी मांगिए, वरना उग्र विरोध के लिए तैयार रहिए।

साभार : दैनिक भास्कर

भारत : 1885 से 1950 (इतिहास पर एक दृष्टि) व/या भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

सारांश कनौजिया की पुस्तकें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *