भीषण गर्मी के कारण देश के सिर्फ 4 राज्यों में हुई 54 की मौत

नई दिल्ली. उत्तर भारत में आसमान से आग बरस रही है, जिससे लोगों का हाल बेहाल है। तापमान दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है, जबकि केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है। अब भीषण गर्मी जानलेवा बन गई है। हीटस्ट्रोक से 4 राज्यों में 54 लोगों की जान चली गई। ये मौतें बिहार, झारखंड, ओडिशा और नागपुर में हुई हैं।

ओडिशा में गुरुवार को 7 घंटे में 6 महिलाओं समेत 10 लोगों की हीटस्ट्रोक से मौत हो गई, जबकि पिछले 24 घंटे में लू ने बिहार में 21 लोगों की जान ले ली। झारखंड में पिछले 36 घंटे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नागपुर में 24 मई से लेकर 30 मई के बीच 20 अज्ञात व्यक्तियों ने दम तोड़ दिया।

ओडिशा में 10 लोगों की गई जान

ओडिशा में सभी मौतें राउरकेला सरकारी अस्पताल में गुरुवार दोपहर 1.30 बजे से रात 8.40 बजे के बीच हुईं, जहां दिन का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मृतक व्यक्तियों की उम्र 23 से 70 वर्ष और 6 महिलाओं की आयु 30 से 69 साल के बीच थी। इसे लेकर आरजीएच के निदेशक गणेश प्रसाद दास का कहना है कि मौत की वजह हीटस्ट्रोक हो सकती है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी।

औरंगाबाद में 12 की मौत

बिहार में गुरुवार को अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस था। औरंगाबाद स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले के अलग-अलग अस्पतालों में 20 लोग भर्ती थे, जिनमें से 12 लोगों ने हीटस्ट्रोक की वजह से दम तोड़ दिया। वहीं, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, अरवल, बेगूसराय और पटना में 9 की मौत हो गई।

भोजपुर में 3 मतदान कर्मियों ने तोड़ा दम

भोजपुर के डीएम महेंद्र कुमार ने कहा कि भोजपुर में हीटस्ट्रोक की वजह से तीन मतदान कर्मियों संजय कुमार, राजेश राम, मोहम्मद यासीन और एक होमगार्ड जवान हेम नारायण सिंह की मौत हो गई। होमगार्ड का जवान अचानक से बेहोश हो गया था और उसे सदर अस्तपाल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

साभार : न्यूज24

फेसबुक पेज : https://www.facebook.com/profile.php?id=61558434413602

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *