भारतीय नहीं है अफगानिस्तान में क्रैश हुआ विमान

काबुल. अफगानिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त होने वाला विमान न तो भारत का था और नही मोरक्को का, बल्कि यह रूस का एक निजी विमान था। जबकि सबसे पहले इसके भारतीय होने की जानकारी आई थी। हालांकि बाद में भारतीय अधिकारियों ने इस सूचना को गलत करार दिया था। फिर इस विमान के मोरक्को का होने की जानकारी मिली। मगर अब बताया जा रहा है कि यह विमान मोरक्को का भी नहीं था। ताजा जानकारी के अनुसार यह रूस का एक निजी विमान था, जो अफगानिस्तान के दूरदराज के एक ग्रामीण इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि विमान में छह लोग सवार थे। विमान एक एंबुलेंस उड़ान के तौर पर भारत के गया से ताशकंद के रास्ते मास्को तक परिचालित किया जा रहा था। क्षेत्रीय प्रवक्ता जबीउल्ला अमीरी ने कहा कि दुर्घटना शनिवार को बदख्शां प्रांत के जेबक जिले के पास एक पर्वतीय इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि एक बचाव दल दुर्घटना स्थल के लिए रवाना किया गया है। बदख्शां पुलिस प्रमुख के कार्यालय ने भी एक बयान में दुर्घटना की पुष्टि की है। मास्को में, रूसी नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने कहा कि एक दसॉल्ट फाल्कन 10 लापता हो गया।

रूस के विमान में सवार थे 6 लोग

अधिकारियों ने बताया कि विमान में चालक दल के चार सदस्य और दो यात्री सवार थे। रूसी अधिकारियों ने कहा कि विमान एथलेटिक ग्रुप एलएलसी और एक निजी व्यक्ति से संबद्ध है। वहीं, तालिबान के सूचना एवं संस्कृति मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल वाहिद रेयान की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, विमान मोरक्को की एक कंपनी का था। भारतीय नागर विमानन अधिकारियों ने भी बताया कि विमान मोरक्को में पंजीकृत था। रेयान ने दुर्घटना के लिए इंजन के काम करना बंद कर देने को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि उन यात्रियों का क्या हुआ, इस बारे में अभी कोई सूचना नहीं है। ​

साभार : इंडिया टीवी

भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

https://www।amazon.in/dp/9392581181/

https://www।flipkart.com/bharat-1857-se-1957-itihas-par-ek-drishti/p/itmcae8defbfefaf?pid=9789392581182

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *