बलूचिस्तान में बड़ा आत्मघाती हमला: क्वेटा रेलवे स्टेशन पर आत्मघाती विस्फोट से दहली ट्रेन; 24 की सैनिकों की मौत

क्वेटा । रविवार, 24 मई 2026

बलूचिस्तान में एक आत्मघाती हमला हुआ है। पहले कहा गया था कि इस घटना को कार के जरिए अंजाम दिया गया, लेकिन सुरक्षा बलों की नवीनतम जांच के अनुसार, यह रेलवे स्टेशन के भीतर प्लेटफॉर्म या बुकिंग काउंटर के पास हुआ एक आत्मघाती (Suicide) हमला था, जहां एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। उस समय जाफर एक्सप्रेस कैंट स्टेशन की तरफ आगे बढ़ने के लिए तैयार खड़ी थी। इस हमले का मुख्य निशाना वहां मौजूद पाकिस्तानी सेना के ‘इन्फैंट्री स्कूल’ के जवान थे, जो अपनी छुट्टी पूरी कर वापस लौट रहे थे। बलूचिस्तान में सक्रिय प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है।

धमाके से मची भीषण तबाही: पटरी से उतरे डिब्बे

पाकिस्तान का अशांत बलूचिस्तान प्रांत एक बार फिर भीषण आतंकी हमले से दहल उठा है। क्वेटा शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर चमन फाटक के पास खड़ी एक ट्रेन को निशाना बनाकर यह आत्मघाती हमला किया गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनी गई। विस्फोट के जबरदस्त प्रभाव के कारण ट्रेन के दो डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पटरी से उतर गए।

इतना ही नहीं, धमाके की तीव्रता की वजह से रेलवे स्टेशन की मुख्य इमारत और चमन फाटक के आसपास की इमारतों के शीशे और कांच के पैनल पूरी तरह चकनाचूर हो गए। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, स्टेशन परिसर और बाहर खड़ी करीब 10 गाड़ियां भी इस ब्लास्ट की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।

24 लोगों की मौत, अस्पतालों में हेल्थ इमरजेंसी

पुलिस और नागरिक प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, इस आत्मघाती हमले में अब तक 24 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सैनिक और आम नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्वेटा के सभी सरकारी अस्पतालों में तुरंत ‘हेल्थ इमरजेंसी’ लागू कर दी गई है। घायलों को त्वरित और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए छुट्टी पर गए सभी डॉक्टरों, सर्जनों और पैरामेडिकल स्टाफ को आपातकालीन ड्यूटी पर तुरंत वापस बुला लिया गया है।

जाफर एक्सप्रेस को रोका गया, सुरक्षा बल अलर्ट पर

सुरक्षा और एहतियात के तौर पर रेलवे अधिकारियों ने बड़ा फैसला लेते हुए पेशावर जाने वाली ‘जाफर एक्सप्रेस’ को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया है और पूरे प्रांत में रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर अलर्ट जारी किया गया है। पूरे इलाके को सेना और फ्रंटियर कोर (FC) के जवानों ने अपने घेरे में ले लिया है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

बलूचिस्तान में सुरक्षाबलों और बुनियादी ढांचों (विशेषकर रेलवे) पर लगातार हमले हो रहे हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में विद्रोही समूहों द्वारा सुरक्षाबलों और ट्रेनों को निशाना बनाया जाता रहा है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का कहना है कि वे इस क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की मौजूदगी और संसाधनों के दोहन के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *