नई दिल्ली. बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान मंगलवार को शाम को करीब सात बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। इसके बाद मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा से गुजरने के दौरान करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे कई जगहों पर घर और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं जिसमें एक महिला की मौत होने की सूचना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मोंथा के बुधवार सुबह ओडिशा पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि मोंथा मंगलवार सुबह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया। इसकी वजह से आंध्र के अलावा तमिलनाडु, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में समुद्र में विशाल लहरें उठीं और तीव्र हवाओं के साथ भारी बारिश जारी रही। इस वजह से कम से कम 52 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान 120 ट्रेनें रद्द की जा चुकी हैं। आंध्र पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कोनासीमा जिले के मकानगुडेम गांव में तूफान के कारण ताड़ का पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। राज्य में 38,000 हेक्टेयर में खड़ी फसलें और 1.38 लाख हेक्टेयर में बागवानी फसलें नष्ट हो गई हैं। करीब 76,000 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।