भारत की महिला मु्क्केबाज हंसिका लांबा और सारिका मलिक को अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के फाइनल में हार मिली जिससे उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हंसिका 53 किग्रा वर्ग के खिताबी मुकाबले में जापान की हारुना मोरिकावा से 0-4 से हार गईं। पिछले साल की एशियाई अंडर-20 रजत पदक विजेता सारिका 2024 अंडर-23 विश्व रजत पदक विजेता रुका नतामी से रोमांचक मुकाबले में 1-2 से हार गईं।
भारत ने इस प्रकार महिला वर्ग में अपने अभियान का अंत सात पदकों के साथ किया। निशु (55 किग्रा), नेहा शर्मा (57 किग्रा), पुलकित (65 किग्रा), सृष्टि (68 किग्रा) और प्रिया मलिक (76 किग्रा) ने टूर्नामेंट में पहले ही कांस्य पदक जीते थे। सविता (62 किग्रा), हन्नी कुमारी (50 किग्रा), दीक्षा मलिक (72 किग्रा) का अभियान पदक दौर से पहले ही खत्म हो गया था।
पुरुषों की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में प्रविंदर (74 किग्रा) कांस्य पदक के प्लेऑफ में जापान के योशिनोसुके आओयागी से 2-8 से हार गए। सुमित मलिक (57 किग्रा), नवीन कुमार (70 किग्रा), चंद्र मोहन (79 किग्रा) दिन में पहले ही बाहर हो गए थे, जबकि सचिन (92 किग्रा) शुक्रवार को ही बाहर हो गए थे। सुजीत कलकल 65 किग्रा भार वर्ग में अगले दो दिनों में भारत के लिए स्वर्ण पदक के लिए सबसे बड़ी उम्मीद होंगे।