बांग्लादेश में आम चुनाव की तारीखों का ऐलान, 12 फरवरी को होगा मतदान

ढाका. बांग्लादेश में आम चुनाव की तारीख तय हो गई है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिर उद्दीन ने गुरुवार को बताया कि 12 फरवरी को आम चुनाव कराये जाएंगे. पिछले साल अगस्त में छात्रों के हिंसक प्रदर्शन में शेख हसीना की अवामी लीग सरकार को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद ये पहले चुनाव होंगे. इसी दिन, मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय सहमति आयोग के सुधार प्रस्तावों पर जनता की राय जानने के लिए जनमत संग्रह भी कराया जाएगा.

यूनूस ने बताया ऐतिहासिक अवसर

बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने इसे नए बांग्लादेश के निर्माण का ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष होने चाहिए. सीईसी की राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन से मुलाकात के एक दिन बाद यह घोषणा की गई. राष्ट्रपति ने आम चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सीईसी को पूर्ण समर्थन और सहयोग का भरोसा दिलाया था.

1 घंटे बढ़ाया गया वोटिंग का समय

इस बार वोटिंग का समय एक घंटे बढ़ाया गया है. 12 फरवरी को सुबह 7:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान होगा. यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि मतदाताओं को दो बैलेट डालने होंगे, एक चुनाव के लिए और दूसरा जनमत-संग्रह के लिए. चुनाव कार्यक्रम के ऐलान के साथ ही बांग्लादेश में आचार संहिता लागू हो गई है. उम्मीदवारों को 48 घंटे के भीतर पोस्टर-बैनर हटाने के निर्देश दिए गए हैं.

29 दिसंबर तक भरे जाएंगे पर्चे

सीईसी नासिर ने चुनाव कार्यक्रम के बारे में बताया कि संसदीय चुनाव के लिए नामांकन पत्र 29 दिसंबर 2025 तक दाखिल किए जाएंगे. 30 दिसंबर से 4 जनवरी 2026 तक नामांकन की स्क्रूटनी होगी. 20 जनवरी नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है. 21 जनवरी को प्रतीक आवंटन और अंतिम उम्मीदवार सूची जारी होगी. इसके साथ ही 22 जनवरी से 10 फरवरी सुबह 7:30 बजे तक चुनाव प्रचार की अनुमति होगी. चुनाव प्रचार केवल तीन सप्ताह पहले शुरू हो सकेगा.

साभार : एनडीटीवी

‘गांधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ पुस्तक के बारे में जानने के लिए लिंक पर क्लिक करें :

https://matribhumisamachar.com/2025/12/10/86283/

आप इस ई-बुक को पढ़ने के लिए निम्न लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं:

https://www.amazon.in/dp/B0FTMKHGV6

यह भी पढ़ें : 1857 का स्वातंत्र्य समर : कारण से परिणाम तक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *