मणिमहेश यात्रा के दौरान निगम ने 196 विशेष बसों से भेजे 8518 यात्री: पंकज चड्ढा

Saransh Kanaujia
2 Min Read

कांगड़ा. पवित्र श्री मणिमहेश यात्रा 2025 के दौरान भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण चम्बा-भरमौर मार्ग कई दिनों तक अवरुद्ध रहा। इस कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच मार्ग में तथा चम्बा शहर सहित विभिन्न स्थानों पर फँस गए। स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाजनक आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा त्वरित कदम उठाए गए और विशेष बस सेवाएँ उपलब्ध करवाई गईं। एक प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी देते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम के डिविजनल मैनेजर पंकज चड्ढा ने कहा कि इन बसों के संचालन से श्रद्धालुओं को समय पर अपने गंतव्यों तक पहुँचने में सहायता मिली।

उन्होंने कहा कि 29 अगस्त से 6 सितम्बर, 2025 तक निगम द्वारा कुल 196 विशेष बसें चलाई गईं, जिनमें लगभग 8518 यात्री यात्रा कर अपने गंतव्यों तक पहुँचे। इसमें से सर्वाधिक 171 बसें चम्बा से पठानकोट तक चलाई गईं, जिनमें हजारों श्रद्धालुओं ने सफर किया। इसके अतिरिक्त 23 बसें कांगड़ा, 1 बस लदरोर और 1 बस लंगेरा के लिए भेजी गईं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ निगम बस अड्डों पर पहुँच रही थी। इस स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ प्रबंधन के लिए निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने चैबीसों घंटे ड्यूटी निभाई। उन्होंने श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने, बसों की व्यवस्था करने और सुरक्षित ढंग से रवाना करने में विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि निगम का दायित्व है कि कठिन परिस्थितियों में भी श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए और इस आपालकाल की परिस्थिति में निगम ने बखूबी अपना दायित्व निभाया।

Related Post

Share This Article