रक्षा राज्य मंत्री ने माउंट एवरेस्ट शिखर पर सफल चढ़ाई करने वाले एनसीसी अभियान दल के साथ बातचीत की

Saransh Kanaujia
1 Min Read

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने 11 जून, 2025 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के माउंट एवरेस्ट पर सफल चढ़ाई करने वाले अभियान दल के साथ बातचीत की। एनसीसी के अभियान दल ने 18 मई, 2025 को माउंट एवरेस्ट शिखर पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। बातचीत में एनसीसी कैडेटों ने अपने अनुभव साझा किए और अभियान के दौरान योजना और प्रशिक्षण में मिली सीख की उपयोगिता के साथ ही चुनौतियों का भी उल्‍लेख किया। श्री संजय सेठ ने कैडेटों के प्रयासों और टीम भावना के साथ उनकी शानदार उपलब्धि की सराहना की।

एनसीसी कैडेटों के एवरेस्‍ट शिखर पर पहुंचने का यह तीसरा सफल अभियान था। इससे पहले वर्ष 2013 और 2016 में एनसीसी पर्वतारोहियों ने यह उपलब्धि हासिल की थी। इस बार के अभियान दल में पांच लड़के और पांच लड़कियों सहित दस कैडेट शामिल थे, जिनकी औसत आयु सिर्फ 19 वर्ष थी। इनमें से कई नौसिखिए पर्वतारोही थे। उन्हें अधिकारियों, जूनियर कमीशन अधिकारियों, प्रशिक्षकों और गैर-कमीशन अधिकारियों के एक दल का सहयोग मिला, जिससे उनका अभियान समन्वित और पेशेवर तौर पर प्रबंधित रहा। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने इस अभियान को 03 अप्रैल, 2025 को नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

Related Post

Share This Article